रेडस्केच एकेडमी में स्थापित होगा यंग कम्युनिकेटर्स क्लब (YCC)

जयपुर, 29 मई। पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (PRCI) जयपुर चैप्टर एवं रेडस्केच एकेडमी के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य एआई, ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग, पब्लिक रिलेशंस एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के क्षेत्रों में शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

पीआरसीआई, जिसका मुख्यालय बेंगलुरु में स्थित है, देश का अग्रणी कम्युनिकेशन एक्सचेंज मंच माना जाता है। इस सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं व्यावसायिक अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

एमओयू पर हस्ताक्षर PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष एवं रेडस्केच एकेडमी की प्रबंधक कश्वी जैन द्वारा किए गए। कार्यक्रम में मीडिया एवं शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें PRCI सचिव सन्नी कुलश्रेष्ठ तथा रेडस्केच निर्माण नगर ब्रांच हेड अनंत मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इस अवसर पर PRCI जयपुर चैप्टर के जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. राहुल बाबू कोडाली एवं रेडस्केच एकेडमी की एडमिशन काउंसलर अदिति त्रिपाठी को एमओयू समन्वयक नियुक्त किया गया।

समझौते के तहत दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से वर्कशॉप, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, संगोष्ठी, पीआर क्लब गतिविधियां एवं इवेंट मैनेजमेंट कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इसके अलावा पत्रकारिता एवं जनसंचार से जुड़े शोध, प्रकाशन एवं व्यावसायिक विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

एमओयू की विशेष बात रेडस्केच एकेडमी में यंग कम्युनिकेटर्स क्लब (YCC) की स्थापना है। यह क्लब विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल एवं इंडस्ट्री-ओरिएंटेड गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करेगा। क्लब के माध्यम से छात्र सीधे PRCI जयपुर चैप्टर की गतिविधियों में भागीदारी कर सकेंगे।

दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का सृजन करेगी तथा मीडिया एवं संचार क्षेत्र में अकादमिक और इंडस्ट्री के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी।

यह एमओयू प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।