महादेव की सजेगी आकर्षक झांकी..सैकड़ों भक्त जिमेंगे पौष बड़ा प्रसादी

टुडे इंडिया ख़बर / स्नेहा
जयपुर, 11 जनवरी, 2025

छोटी काशी व धार्मिक नगरी कहे जाने वाले जयपुर शहर में पौष का महीना आते ही मन्दिरों में पौष बड़े बनाकर भगवान को भोग लगाकर भगवान को रिझाने के कार्यक्रम शुरू हो जाते है। इसी के तहत शनिवार को बजाज नगर, अनिता कॉलोनी स्थित श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में पौष बड़ा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
मन्दिर ट्रस्ट के सचिव पवन श्रीवास्तव ने बताया कि इस मौके पर भगवान महादेव व हनुमानजी को पौष बड़ा व हलवा का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद भक्तों को दोना प्रसादी वितरित की जाएगी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष डी डी शर्मा व ट्रस्टी निरंजन माण्डन ने बताया कि पौष बड़ा महोत्सव के तहत श्री पंचेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार की झांकी सजाई जाएगी। मन्दिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइट्स से रोशन किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत सैकड़ों भक्तों को निःशुल्क दोना प्रसादी वितरित की जाएगी।

धार्मिक नगरी जयपुर के शहर जयसिंहपूरा खोर में सुपर बाजार सब्जी मंडी में स्थित श्री विचित्र वीर हनुमान मंदिर व पण्डेश्वर महादेव मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल पौष बड़ा महोत्सव का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया जा रहा है। इस पौष बड़ा महोत्सव का आयोजन पंडित सत्यनारायण शर्मा के सानिध्य में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हनुमानजी को पौष बड़े के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाकर आने वाले सभी भक्तों को पौष बड़ा प्रसादी खिलाई जाएगी।