स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती पर राजस्थान विश्वविद्यालय में मनाया समारोह…

टुडे इंडिया ख़बर / स्नेहा
जयपुर, 12 जनवरी, 2025

राजस्थान युवा छात्र संस्था एवं युवा- संस्कृति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 162वीं स्वामी विवेकानंद जयंती धूमधाम से मनाई गई।
इसके तहत एक पखवाड़े तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जयंती कार्यक्रम होंगे।
संस्था अध्यक्ष जगदीश सोमानी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि नेहरू युवा केंद्र, नई दिल्ली के निदेशक डॉ.भुवनेश जैन थे।
समारोह में मुख्य अतिथि जैन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए। स्वामी विवेकानंद आधुनिक दृष्टि के विचारक थे। रूढ़िवादी परंपराओं में उनका विश्वास नहीं था।
अति विशिष्ट अतिथि WHO के सदस्य डॉ.रमेश गांधी ने कहा कि विवेकानंद जी के जीवन चरित्र से युवाओं बहुत कुछ सीख सकते हैं। विवेकानंद जी की अंग्रेजी भाषा पर बहुत अच्छी पकड़ थी युवाओं को उनका आह्वान था कि “उठो जागो और तब तक अपने लक्ष्य का पीछा करो जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए”।
समारोह की अध्यक्ष समाजसेवी बृजेश शर्मा, विशिष्ट अतिथि नेहरू युवा केंद्र के पूर्व उप निदेशक महेश शर्मा थे।
संस्था सचिव महेंद्र शर्मा ने बताया कि संस्था की ओर से एक पखवाड़े तक मनाए जाने वाले जयंती समारोह के तहत जयपुर शहर के विभिन्न विद्यालय, महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विवेकानंद जी के विचार, उद्देश्य, गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता व अन्य विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में अरविंद कौशिक, डॉ. दिलीप सारण के साथ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थे।