थर्ड ग्रेड शिक्षकों के परीक्षा बाद तत्काल हो तबादलें..

टुडे इंडिया ख़बर / स्नेहा


जयपुर, 17 जनवरी, 2025

राजस्थान प्रदेश में भी अन्य राज्यों की भांति शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष की जाए, क्योंकि वर्ष 2026 तक प्रदेश में लगभग 50,000 से अधिक अनुभवी शिक्षक सेवानिवृत हो जाएंगे।


इन शिक्षकों के सेवानिवृत होने के बाद नई भर्ती के नए शिक्षक स्कूलों में सेवारत होंगे, लेकिन वह उतने अनुभवी नहीं होंगे, जितने सेवानिवृत होने वाले शिक्षक होंगे।


इस बड़ी कमी को प्रदेश के मुख्यमंत्री बजट घोषणा में शिक्षकों की सेवानिवृत आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने की घोषणा के साथ रोक सकते हैं। यह कहना है अखिल राजस्थान शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा का, वे शुक्रवार को राजस्थान के सबसे बड़े शिक्षा विभाग के शिक्षकों के गांधी नगर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय(ओल्ड) में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय शैक्षिक अधिवेशन में अधिवेशन स्थल पर आए सैकड़ो शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले नहीं हो पाए हैं। इस कारण शिक्षक की नहीं वरन उनके परिवार भी तनाव में है। इसलिए अखिल राजस्थान शिक्षक कर्मचारी महासंघ की ओर से मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वह बोर्ड परीक्षा के तत्काल बाद थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले तत्काल प्रभाव से खोले और तबादले किए जाए।


प्रदेशभर से आए शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “राजस्थान स्वेच्छया ग्रामीण शिक्षा सेवा नियम 2010” के स्थान पर “राजकीय सेवा नियम” लागू किए जावे।
राजस्थान के समायोजित कार्मिकों के लिए ग्रामीण सेवा कदर को समाप्त कर पदोन्नति का लाभ दिया जावे।
अधिवेशन में महासंघ के संयोजक महेंद्र शर्मा ने कहा कि समायोजित शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ प्रथम नियुक्ति तिथि से दिया जावे और शहरी क्षेत्र में उनके स्थानांतरण किया जावे। वही, प्रदेश के समस्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन स्क्रीम को ही यथावत रखा जाए।
महासंघ की महिला संयोजक सुनीता कथूरिया ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि महासंघ की ओर से राज्य सरकार से मांग है कि सभी शिक्षकों के संवर्गों की डीपीसी नियमित की जावे एवं 8 16 24 और 32 वर्षों की सेवा पर राजकीय कार्मिकों को चयनित वेतनमान दिया जाए।
अधिवेशन के अतिथि सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश मिश्रा, विशिष्ठ अतिथि भाजपा नेता चेतन सिंह सोलंकी, राजस्थान पुरस्कृत शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा थे।