टुडे इंडिया ख़बर / स्नेहा
जयपुर, 20 जनवरी, 2025
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचने वाली लड़की मोनालिसा का राजस्थान कनेक्शन सामने आया है।
उसे इंटरनेट पर काफी सर्च किया जा रहा है। उसके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर धूम मचा रहे हैं।
बड़ी-बड़ी नीली आंखों वाली एक साधारण सी रुद्राक्ष की माला बेचने वाली मोनालिसा की सादगी भरी खूबसूरती को इंटरनेट यूजर्स भर-भरकर प्यार लूटा रहे हैं।
मोनालिसा के साथ उसकी बहन शिखा भी इंटरनेट पर काफी वायरल हो रही है। कई बार लोग दोनों बहनों में अंतर भी नहीं कर पाते हैं। शिखा, मोनालिसा के चाचा की लड़की है। वह भी महाकुंभ में माला बेचने ही आई है।
इस बीच, मोनालिसा का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसने राजस्थान आने की बात कही है।
महाकुंभ में एक शख्स को इंटरव्यू देने के दौरान मोनालिसा ने कहा कि वो जल्द ही राजस्थान आएगी। मोनालिसा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की मूल निवासी है। चित्तौड़गढ़ से उनका परिवार मध्यप्रदेश के खरगौन में शिफ्ट हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मोनालिसा मूलतः राजस्थान की घूमंतू जाति की है। जो महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत देश के अन्य हिस्सों में चले गए हैं। जानकारों का कहना है कि मोनालिसा जिस समुदाय से है, उसे पारदी समुदाय कहा जाता है। यह लोग जहां जाते हैं, वहां की भाषा से उनकी भाषा मिक्स हो जाती है। पहले यह शिकार और गोरिल्ला वार में भी सिद्ध हस्त थे।
इनकी कुलदेवियां मौली माता, कालिका माता, सप्तश्रृंगी माता, वादेखान माता और खोडियार माता हैं। कुछ क्षेत्रों में यह अपराध से जुड़े हुए थे, लेकिन अब मुख्यधारा में आ रहे हैं।
जयपुर में विश्व हिंदू परिषद के दिनेश चंद्र खटोड़ ने बताया कि पहले यह घूमंतू समुदाय डेरों में बसता था, लेकिन अब इन्होंने पक्के मकान बना लिए।
खटोड़ ने बताया यह लोग अपनी मस्ती में मस्त रहते हैं और देश भर में कंठी माला बेचते हैं। इनके समाज की लड़कियां अल्हड़ होती है और खुलकर चर्चा करती हैं।
इंटरनेट पर धूम मचा रही मोनालिसा के इंस्टाग्राम पर दो लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। महाकुंभ के दौरान ही उसके फॉलोअर्स की संख्या बढ़ी है। इसके चलते अब मोनालिसा ब्यूटीपार्लर में सज धज कर नए वीडियो बना रही है।

