टुडे इंडिया ख़बर / संतोष वशिष्ठ
जयपुर, 11 मार्च, 2025
जयपुर के आराध्य देव गोविंद देव जी मंदिर में 13 मार्च को होलीका दहन का विधिवत मंत्र उच्चारण के साथ आयोजन किया जाएगा। मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि मंदिर ठिकाना श्री गोविंद देव जी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी जी के सानिध्य में शहर के संत महंतों की उपस्थिति के बीच रात्रि 11:31 पर विधिवत्त मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन होगा। होलिका दहन में गौ काष्ठ का प्रयोग किया जाएगा। इससे पूर्व रात्रि 11:00 बजे मंदिर में गणपति आदि देवों का विधि-विधान से पूजन अर्चन कर हवन किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय पंडितों की ओर से मंत्र उच्चारण के साथ होलिका दहन होगा। दहन के बाद सभी संत महंतों का मंदिर प्रबंधन की ओर से साफ़ा, दुपट्टा और प्रसाद देकर सम्मान किया जाएगा।
मन्दिर से जुड़े धर्म प्रचारक विजय शंकर पांडे ने बताया कि होलिका दहन से पूर्व शाम 6 बजे से स्थानीय निवासियों की ओर से भक्त प्रह्लाद की पूजा अर्चना की जाएगी।
इस मौके पर डॉ. प्रशांत शर्मा एवं गोविंद मिश्रा ने बताया कि होली का दहन पर पान, सुपारी, एक पताशा, लोंग का जोड़ा, कपूर को विधिवत होलिका दहन में अर्पित करना चाहिए, जिस घर की सुख समृद्धि होती है।

