यूपी की 25 लाख करोड़ की जीडीपी में अकेले प्रयागराज महाकुंभ का 4 लाख करोड़ का योगदान

टुडे इंडिया ख़बर / संतोष वशिष्ठ
दिल्ली, 27 फ़रवरी, 2025

यूपी के प्रयागराज में 45 दिन से चल रहे महाकुंभ महाशिवरात्रि के दिन समापन हुआ। आस्था के समागम महाकुंभ में आखिरी दिन 1.53 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। यह संख्या चीन-भारत को छोड़कर बाकी सभी देशों की आबादी से अधिक है।
वहीं, 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में 66.31 करोड़ लोगों ने स्नान किया।
ऐसा पहली बार हुआ है कि 66 करोड़ से ज्यादा लोगों ने संगम में स्नान किया है। जारी आंकड़ों के मुताबिक 700 प्राइवेट प्लेन, 2800 फ्लाइट्स और 13830 ट्रेन से 15 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगाने पहुंचे।
73 देशों के राजनयिक, नेपाल के 50 लाख के अलावा इटली, फ्रांस, अमेरिका समेत कई देशों के लाखों श्रद्धालु दुनिया के सबसे बड़े आयोजन के गवाह बने। यूपी सरकार का अनुमान था कि 45 करोड़ लोग प्रयागराज आते हैं तो इससे स्टेट जीडीपी में 3.5 लाख करोड़ रु. जुड़ेंगे, लेकिन 66 करोड़ लोग पहुंचे। ऐसे में अब माना जा रहा है कि 4 लाख करोड़ से ज्यादा जुड़ेंगे। उत्तर प्रदेश की अभी जीडीपी 25 लाख करोड़ रु. की है।
2025 में टूड गया रिकॉर्ड
साल 2019 में अर्धकुंभ में 24 करोड़ लोगों ने संगम में डुबकी लगाई थी। लेकिन ये रिकॉर्ड 2025 में टूट गया। इस आंकड़े की मानें तो महाकुंभ में हर रोज 1.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई। वहीं इस बार महाकुंभ में 9 लाख साधु-संत और 10 लाख कल्पवासी भी मेला क्षेत्र में रहे।
इसके अलावा क्षेत्र में 4 लाख से ज्यादा तंबू लगाए और 1.5 लाख ज्यादा टॉयलेट बनाए गए थे, जिसमें 350 मोबाइल टॉयलेट्स भी शामिल थे। इसके अलावा अखाड़ों और साधु-संतों के लिए कई बड़े पंडाल और 50 हजार से ज्यादा अस्थायी आश्रम बनाए गए थे।
नासिक में होगा अगला कुंभ
महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 37,000 पुलिसकर्मियों और 14,000 होमगार्डों को तैनात किया गया। इसके अलावा 2,750 एआई आधारित सीसीटीवी, तीन जल पुलिस स्टेशन, 18 जल पुलिस नियंत्रण कक्ष और 50 वॉच टावर लगाए गए थे। अगला कुंभ महाराष्ट्र के नासिक में 17 जुलाई 2027 से गोदावरी नदी तट पर होगा। हर 12 साल में नासिक और उज्जैन में कुंभ लगता है। इसके बाद 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ होगा।